महराजगंज। बीते तीन माह में हुई घटनाओं में मौत का राज पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता नहीं चलने पर विसरा सुरक्षित कर लिया गया। इस वजह से हत्यारों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी। विसरा रिपोर्ट के इंतजार में पुलिस खामोश है। जनवरी से अप्रैल तक होने वाली घटनाओं में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों की जानकारी नहीं हो सकी। मौत की उलझी गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस भी कुछ खास रुचि नहीं ले रही है। यही कारण वारदातों को अंजाम देने वाले कौन थे, कहां हैं, क्या कर रहे हैं, यह सब रहस्य बना हुआ है।
25 मार्च 2023 को निचलौल शहर में किराए के मकान में चौक थाना क्षेत्र के पिपरा सोनाड़ी गांव की रहने वाली गीता (45) की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। दाह संस्कार के लिए लोगों ने झुलनीपुर नहर घाट पर चिता सजाई, लेकिन इसके बाद वह शव छोड़ फरार हो गए। इस मामले में मृतका गीता की बेटी अंजनी ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या की आशंका जाहिर करते हुए कार्रवाई की मांग की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण साफ नहीं हुआ है।
पुलिस विसरा सुरक्षित कर साक्ष्यों के आधार पर जांच करने की बात करने लगी। अभी तक मामले का खुलासा नहीं हो सका। 8 अप्रैल 2023 को निचलौल क्षेत्र के मटरा धमउर निवासी धर्मेंद्र भारती (22) का शव लापता होने के तीन महीने बाद झुलनीपुर नहर में सिल्ट से दबा मिला था। धर्मेन्द्र का हाथ रस्सी से बंधा था। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर कर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ नहीं हो सकी। ऐसे में विसरा सुरक्षित कर लिया गया। इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका।
21 अप्रैल 2023 को निचलौल क्षेत्र के परागपुर के टोला बेलवाडीह में भूमि विवाद के दौरान हुई मारपीट में शिक्षा मित्र नंदनी देवी (45) की अस्पताल में मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ न होने से विसरा सुरक्षित कर लिया गया। जो मामला अब ठंडा पड़ चुका है। 20 जनवरी 2023 को कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवा बाजार में चोखराज तुलस्यान इंटर काॅलेज के हॉस्टल में संदिग्ध परिस्थिति में तीन मंजिला मकान की छत से गिरकर दसवीं के छात्र अभय उर्फ विवेक गुप्ता (15) कल्याण छापर कुशीनगर की मौत हो गई थी। छात्र के पिता छोटेलाल ने बेटे की हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की कोई वजह साफ नहीं हुई। विसरा सुरक्षित कर फिर मामले को ठंडे बस्ते में रख दिया गया।
मौत के कारणों की जानकारी के लिए रिपोर्ट का होना जरूरी है। सभी मामलों में पुलिस निष्पक्ष रूप से जांच करती है। उलझे हुए मामलों में विसरा रिपोर्ट होना जरूरी है। सभी मामलों का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
-डॉ. कौस्तुभ, पुलिस अधीक्षक