महराजगंज। आधार में सुधार करना आसान नहीं है। जिले में करीब एक लाख आवेदक भटकने को मजबूर हैं। कभी सर्वर फेल तो कभी मशीन में समस्या के कारण जल्दी अपडेट नहीं हो रहा है। आधार कार्ड अपडेट न होने से किसी की पेंशन रुकी है तो कोई सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहा है। प्रधान डाकघर में नौ से 10 बजे के बीच ही आधार अपडेट कराने का फॉर्म दिया जाता है। उसके बाद आने वाले लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ता है। बैंकों में दोपहर तक कार्य होने के बाद ही आधार अपडेट करने का कार्य शुरू किया जाता है।
शहर में सहज सेवा केंद्रों पर अपडेट कराने पर 50 रुपये देने पड़ते हैं। जिले में करीब एक लाख लोग ऐसे हैं, जिनका आधार अपडेट नहीं हुआ है। 14 जून तक निशुल्क सेवा है, इसके बाद रकम लगेगा। निचलौल शहर के तहसील मार्ग पर सीएससी सेंटर संचालक राजकमल कुशवाहा ने बताया कि जागरूकता के अभाव में लोग आधार कार्ड में दस्तावेज अपडेट कराने के लिए बहुत कम संख्या में सीएससी सेंटर पर पहुंच रहे है।
सर्वर की कोई दिक्कत नहीं है। आधार के साइट से अगर कोई व्यक्ति स्वयं आधार में दस्तावेज अपडेट करना चाहता है, तो 14 जून तक निशुल्क है। जबकि अगर सीएससी सेंटर से आधार अपडेट कराना चाहता है तो निर्धारित 50 रुपये शुल्क प्रति आधार कार्ड जमा करना होगा। आधार अपडेट कराने के लिए रोजाना करीब 30 लोग सेंटर पहुंच रहे हैं।
10 साल हो गया पूरा तो आधार करा लें अपडेट
आधार अपडेट कराने के लिए मतदाता पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, राशन कार्ड देना होगा। आधार अपडेट होने के बाद किसी प्रकार की सरकारी सुविधा लेने में कोई दिक्कत नहीं होगी। जिनका आधार कार्ड बने 10 वर्ष पूरा हो चुका है उनको आधार दस्तावेज अपडेट कराना जरूरी है, लेकिन लोगों में जागरूकता न होने की वजह से आधार दस्तावेज कराने में लोग रुचि नहीं ले रहे हैं। निचलौल शहर में तहसील मार्ग, ठूठीबारी रोड स्थित सिरौली, मिठौरा बाजार में आधार अपडेट का कार्य हो रहा है।