महराजगंज। जिले के सदर तहसील क्षेत्र कई गांवों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अन्नपूर्णा भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन राशन वितरण का काम कोटेदार अपने घर से ही कर रहे हैं। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिसवा, गेहुंअना, रामनगर में अन्नपूर्णा भवन बनकर तैयार हो गया है, जबकि मोहद्दीनपुर में अपूर्ण है।
जानकारी के अनुसार, जिले में अन्नपूर्णा भवन का निर्माण शासन के निर्देश पर खाद्य आपूर्ति विभाग ने किया था, ताकि राशन वितरण की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाया जा सके। भवन के निर्माण का उद्देश्य था कि ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित किया जा सके और लाभार्थियों को समय पर राशन मिल सके। अन्नपूर्णा भवन तैयार हो जाने के बावजूद भी कोटेदारों के घर से राशन वितरण की स्थिति इस योजना के उद्देश्य को विफल कर रही है।
राधेश्याम बताते हैं कि अन्नपूर्णा भवन के संचालन में कई समस्याएं आ रही हैं। राशन की दुकानों पर समय से राशन वितरण नहीं हो पा रहा है और कोटेदार अपने घर से राशन देने का कार्य कर रहे हैं, जिससे लाभार्थियों को राशन लेने के लिए कई बार घर-घर जाना पड़ता है। सरस्वती, विजयलक्ष्मी, सुशीला, सुनीता, गीता, अनिता, संगीता शांति, माया, मालती, कलावती आदि ने कहा कि भवन तैयार हो गया है। इसके बाद भी वहां से राशन वितरण न होना समझ में नहीं आ रहा है।
अन्नपूर्णा भवन के सुचारू ढंग से संचालन के लिए कोटेदारों को निर्देश दिए कि जिन गांवों में अन्नपूर्णा भवन बनकर तैयार है। वहां से ही राशन वितरण करें, ताकि लाभार्थियों को कोई परेशानी न हो। अगर ऐसा नहीं हो रहा है जो जांच की जाएगी।
-ईशान प्रताप सिंह, पूर्ति निरीक्षक सदर