महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के मुजुरी टिकरिया मार्ग पर रामपुर मंसूरगंज के पास सोमवार सुबह करीब आठ बजे दुल्हन की विदाई करा कर लौट रही गाड़ी अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी में दुल्हा-दुल्हन व ड्राइवर समेत चार लोग सवार थे, जो बाल बाल बच गए।
ड्राइवर गाड़ी छोड़ फरार हो गया। गाड़ी में सवार आगे बैठे दुल्हा के भाई को हल्की चोट लगी है। ग्राम पंचायत भमउर थाना क्षेत्र गुल्हरिया जनपद गोरखपुर के रहने वाले दूल्हे के पिता पड़ोही कन्नौजिया ने बताया कि बेटे की शादी निचलौल थाना क्षेत्र के बुढ़ाडीह में हुई। वहां से दुल्हन की विदाई कराकर लौट रही थी, रास्ते में यह दुर्घटना हो गई। उसके बाद दूसरी गाड़ी से दुल्हन को घर लाया गया। सभी लोग सुरक्षित हैं।