निर्माण में गड़बड़ी का आरोप लगाकर जांच की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
परतावल। क्षेत्र की ग्राम सभा बसहियां बुजुर्ग में खराब आरसीसी सड़क निर्माण होने पर ग्रामीणों ने रविवार को कार्य स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत जिला पंचायत राज अधिकारी से की।
ग्रामीण मनोज कुमार शुक्ला ने बताया कि गोरखपुर-महराजगंज मुख्यमार्ग से ग्राम सचिवालय तक आरसीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। अभिलेख में यह मार्ग 20 कड़ी है। मौके पर मात्र 17 कड़ी ही निर्माण कराया जा रहा है। लालबहादुर जायसवाल ने बताया कि निर्माण कार्य में पीले रंग की ईंट व टुकड़े का प्रयोग किया जा रहा है। बीच में टुकड़े से ज्यादा मिट्टी भरी जा रही है। ऐसे में भारी वाहनों का आवागमन होते ही सड़क टूट जाएगी।
कृष्णानंद शुक्ला ने बताया कि सरकारी राशन की दुकान भी इसी मार्ग पर है। जहां हर महीने अनाज लदे ट्रक का आवागमन होता है। इसके अलावा एक लघु उद्योग भी स्थापित है। यहां आएदिन भारी वाहनों का आवागमन होता रहता है। टुकड़े की जगह डाली जा रही मिट्टी कभी भी धंस जाएगी।
अमरजीत प्रसाद, हरिकेश शर्मा, महेंद्र पटेल, दुर्विजय प्रजापति, विनोद पटेल ने विरोध जताते हुए गुणवत्ता सही कराने व अभिलेख के अनुसार सड़क का चौड़ीकरण कराने की मांग की। अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।