महराजगंज। ठंडी हवाओं ने घुटनों का दर्द बढ़ा दिया है। चार दिन में ही 200 से अधिक मरीज जिला अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे। इसमें अधिकतर बुजुर्ग हैं। डॉक्टर उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास कुमार ने बताया कि ठंडी हवाओं के चलते घुटनों के दर्द की समस्या बढ़ी है। इसे लेकर बुजुर्ग मरीजों और युवाओं को सलाह दी गई है कि ठंड बढ़ने के बाद वह सुबह की मार्निंग वाॅक न करें। धूप निकलने के बाद ही मार्निंग वाॅक पर जाएं। वहीं गर्म पानी से पैरों और घुटनों की सिकाई करें। धूप निकलने पर एक घंटे धूप में बैठें। गर्म भोजन करें। डॉक्टर की सलाह पर दवा लें।
मरीजों को प्रतिदिन व्यायाम व वजन कम उठाना चाहिए
डॉक्टरों के अनुसार, 40 से 60 वर्ष तक की महिलाओं में गठिया बीमारी की समस्या हो रही है। पुरुषों में पीठ दर्द की समस्या बढ़ रही है। जिला अस्पताल में रोजाना 15 से 20 महिला व पुरुष जिला अस्पताल में इलाज कराने पहुंच रहे हैं। महिलाओं में यह मुख्य रूप से वजन अधिक होने, अधिक समय तक ठीक ढंग से न बैठने, देर तक बैठकर कार्य करने के अलावा अन्य कारण होते हैं। पुरुषों में अधिक वजन उठाने व लंबे समय तक बाइक चलाने से यह दिक्कत बढ़ रही है। ऐसे मरीजों को रोजाना व्यायाम करना चाहिए और कम वजन उठाना चाहिए।