शहर के निर्माणाधीन मंडी परिसर में सीएम योगी ने चुनावी सभा को संबोधित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सपा, बसपा, कांग्रेस ने युवाओं को तमंचा दिया। भाजपा सरकार ने टैबलेट दिया है। पहले व्यापारी झुक कर चलते थे। गुंडे माफिया सीना तान कर चलते थे। अब उल्टा हो गया है। व्यापारी सीना तान कर चलते हैं। गुंडे-माफिया के गले में पट्टा पड़ गया है। वे झुक कर चलते हैं। नगरों को सुरक्षित बनाया जा रहा है।
ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहीं। वह शनिवार को शहर के निर्माणाधीन मंडी परिसर में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यूपी का नौजवान गर्व के साथ के कह सकता है कि मैं यूपी के महराजगंज का हूं। पहले युवाओं को पहचान छिपानी पड़ती थी।
सीएम ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का मान बढ़ रहा है। लोग आशा भरी निगाहों से भारत की ओर से देख रहे हैं। इंसेफेलाइटिस से मौतें होती थीं। सपा, बसपा, कांग्रेस ने ध्यान नहीं दिया। भाजपा सरकार ने इंसेफेलाइटिस को समाप्त कर दिया। कोरोना महामारी का मुफ्त उपचार किया गया।
उन्होंने कहा कि 15 करोड़ लोगों को राशन की सुविधा दी जा रही है। किसान सीना तान कर चल रहा है। किसान को सम्मान, युवा को सम्मान, महिला सुरक्षा, मेडिकल काॅलेज, एम्स का निर्माण हो रहा है। दिल्ली का पैसा जमीन पर दिख सके, इसके लिए डबल इंजन की सरकार में पैसा दिया जा रहा है। योजनाओं का लाभ देने में किसी की जाति नहीं देखी गई। भेदभाव किसी के साथ नहीं किया गया।
सीएम ने कहा कि कांग्रेस के समय में चौक बाजार तक हाथी से जाना पड़ता था, अब महराजगंज से चौक जाने में 10 मिनट लगता है। कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का मान विश्व स्तर पर बढ़ा है।
सूडान में फंसे लोगों को ऑपरेशन कावेरी से निकाला गया है। इसमें महराजगंज के भी लोग हैं। भाजपा सरकार ने इंसेफेलाइटिस को समाप्त किया है। कोरोना में भी देश के लोगों को राहत दी गई है। किसानों व युवाओं को सम्मान व महिलाओं व व्यापारियों को भाजपा ने सुरक्षा प्रदान की है। डबल इंजन के सरकार के सहयोग के लिए निकायों में जीत जरूरी है। विकास की योजना में कोई भेदभाव नहीं है। सपा, बसपा व कांग्रेस ने तुष्टीकरण का कार्य किया।
हमने सशक्तीकरण का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाने पर भाजपा का जोर है। पैसा डबल इंजन की सरकार देगी। वह वास्तविक रूप से तभी सार्थक रूप में दिखेगा जब निकाय में अच्छा बोर्ड होगा। निकायों को स्मार्ट बनाने पर शासन का जोर है।