फरेंदा। थाना क्षेत्र के बनकटवा गांव के पास रविवार सुबह बाइक से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मिश्रौलिया निवासी नूपेन कुमार विश्वास (40) रविवार सुबह करीब आठ बजे किसी काम से बनकटवा गए थे। वहां से वापस लौटते समय रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और परिजन की मदद से उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नूपेन कुमार मिश्रौलिया चौराहे पर क्लीनिक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।