- मौके पर पहुंचे सीओ ने मामला शांत कराया, नौतनवा तहसील के एक अधिवक्ता के सहयोगी व उनके भाई को परसा मलिक पुलिस ने किया था चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
नौतनवा। एसडीएम न्यायालय में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब परसा मलिक पुलिस दो मुलजिमों को जमानत के लिए कोर्ट लेकर पहुंची थी। एक अधिवक्ता के सहयोगी संजय कुमार यादव व उनके भाई राहुल यादव को ही मुल्जिम बनाकर कोर्ट में पेश करने के दौरान नौतनवा तहसील के अधिवक्ता आक्रोशित हो गए और कोर्ट में ही हंगामा कर दिया।
इस दौरान पुलिसकर्मियों और अधिवक्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। सूचना पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच गई। सीओ जय प्रकाश त्रिपाठी ने मामला किसी तरह शांत कराया। परसा मलिक थाना क्षेत्र के गांव रेहरा टोला मनकौरा निवासी संजय कुमार यादव नौतनवा तहसील में एक अधिवक्ता के सहयोगी अधिवक्ता बताए जा रहे हैं। संजय कुमार यादव के छोटे भाई राजू की पत्नी ज्ञानमती से शुक्रवार की शाम उनकी मां सुखराजी से भूमि बंटवारे की बात को लेकर विवाद हो रहा था। तहसील से संजय कुमार यादव भी अपने घर पहुंचे थे, कि इसी दौरान किसी ने विवाद की सूचना परसा मलिक पुलिस को दी।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस संजय कुमार यादव एवं उनके छोटे भाई राहुल यादव को हिरासत में लेकर थाने ले आई। अधिवक्ता के सहयोगी संजय कुमार यादव का आरोप है कि प्रभारी थानाध्यक्ष ने उनके साथ मारपीट करते हुए गाली-गलौज की और उनका मोबाइल भी छीन लिया।
शनिवार को परसा मलिक पुलिस संजय कुमार यादव और राहुल यादव को शांति भंग में चालान करते हुए जब एसडीएम न्यायालय पहुंची तो पुलिस हिरासत में देखकर नौतनवा तहसील के अधिवक्ता आक्रोशित हो गए और एसडीएम न्यायालय का घेराव कर जमकर बवाल काटा। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों से नोकझोंक के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस पहुंच गई। विवाद की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सीओ जय प्रकाश त्रिपाठी मामले को शांत करने में जुट गए। कार्यालय में एसडीएम नंद प्रकाश मौर्य व सीओ सीओ जय प्रकाश त्रिपाठी ने अधिवक्ताओं से बातचीत कर मामले को शांत कराया।
सीओ जय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि अधिवक्ताओं की शिकायत पर मामले की जांच कराई जाएगी, जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ निश्चित ही कार्रवाई की जाएगी। रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि अधिवक्ताओं पर पुलिसिया उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सीओ ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस तरह की घटना की पुनरावृति न होने पाए इसकी चेतावनी दी गई है।