नए अध्यक्ष के स्वागत के लिए नगर निकाय कार्यालय सजकर तैयार
शपथ के बाद शहर के विकास को मिलेगी गति
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। शहर की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को होगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई है। महराजगंज नगर पालिका से लेकर नगर पंचायतों में शपथ ग्रहण समारोह को भव्य तरीके से कराने का इंतजाम किए गए हैं। शपथ ग्रहण के बाद शहर के विकास को गति मिलेगी। समारोह को यादगार बनाने के लिए गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।
नगर पालिका परिषद महराजगंज का शपथ ग्रहण पालिका भवन के सामने बने रैन बसेरा परिसर में सुबह 11 बजे होगा। समारोह में सपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। डॉ. पुष्प लता मंगल के शपथ ग्रहण को यादगार बनाने के लिए 3000 से अधिक लोगों को आमंत्रित किया गया है। शपथ ग्रहण के बाद नए अध्यक्ष व सदस्य के स्वागत के साथ ही बोर्ड के गठन व बैठक को देखते हुए नगर पालिका में जरूरी कार्यों को पूरा कर लिया लिया गया है। पालिका भवन के लोहे के गेट की पेंटिंग हो चुकी है। भवन की रंगाई-पुताई भी हुई है। सभागार को आकर्षक बनाया गया।
जिले की दो नगर पालिका व आठ नगर पंचायतों में शपथ ग्रहण समारोह होगा। शपथ ग्रहण दो पालियों में होगा। शपथ ग्रहण कराने के लिए उप जिलाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। उप जिलाधिकारी सदर मोहम्मद जसीम सुबह 11 बजे नगर पालिका महराजगंज व दोपहर दो बजे नगर पंचायत परतावल में शपथ ग्रहण कराएंगे। अपर उप जिलाधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा सुबह 11 बजे नगर पंचायत चौक व दोपहर दो बजे नगर पंचायत घुघली में शपथ ग्रहण कराएंगे।
अतिरिक्त मजिस्ट्रेट महेंद्र प्रताप दोपहर दो बजे पनियरा नगर पंचायत में शपथ ग्रहण कराएंगे। उप जिलाधिकारी फरेंदा मदन मोहन वर्मा सुबह 11 बजे नगर पंचायत आनंदनगर व दोपहर दो बजे बृजमनगंज में शपथ ग्रहण कराएंगे। उप जिलाधिकारी सत्यप्रकाश मिश्र सुबह 11 बजे निचलौल नगर पंचायत में शपथ ग्रहण कराएंगे। उप जिलाधिकारी नौतनवां मुकेश सिंह सुबह 11 बजे नगर पालिका नौतनवां व दोपहर दो बजे नगर पंचायत सोनौली में शपथ ग्रहण कराएंगे। डीएम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि निकायों में शपथ ग्रहण का कार्यक्रम जारी करते हुए उप जिलाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।