पारिश्रमिक बढ़ाने की मांग के लिए चौकीदारों ने दिया धरना
कलक्ट्रेट परिसर में धरना के बाद डीएम को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में कार्यरत चौकीदारों के पारिश्रमिक बढ़ाने की मांग पर चौकीदार संघ ने बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर में धरना दिया एवं जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष बाले खां ने कहा कि ब्रिटिश काल से आज तक चौकीदारों पर अंग्रेजों की ओर से बनाए गए नियम को ही लागू किया जा रहा है। मगर पारिश्रमिक के कम होने से उनके व उनके परिवार के समक्ष विभिन्न कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं। पहले लाल साफा चौकीदार की पहचान होती थी, अब बदले समय में लाल गमछा कई राजनीतिक पार्टियों के लोग लगा रहे हैं। ऐसे में उन्हें खाकी वर्दी, पैंट शर्ट, लाल टोपी, जूता, बेल्ट आदि सामग्री को उपलब्ध कराया जाए। जिससे कि वे पुलिस के अंग दिखें व किसी प्रकार की मुश्किलों से बच सकें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने वायदे के बाद भी चौकीदारों के हित में कोई कदम नहीं उठाया है। चौकीदारों के हितों को ध्यान मेंं रखते हुए उन्हें छह से आठ घंटे ड्यूटी का आदेश जारी किया जाए व उनकी समस्याओं का निदान कराया जाए। ज्ञापन देने के दौरान जिला उपाध्यक्ष इंद्रजीत, प्रदेश संयुक्त सचिव शिवकुमार कन्नौजिया, इंदर, प्रवीण, जमाल अहमद, रामनयन, राजेंद्र, नूरजहां, सबाना समेत बड़ी संख्या में चौकीदार मौजूद रहे।