उम्मीदों की सफारी से दुनिया के नक्शे पर उभरेगा चौक बाजार
महराजगंज। जंगल सफारी की शुरुआत होने से चौक बाजार विश्व मानचित्र पर उभरेगा। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने मंगलवार को जंगल सफारी का शुभारंभ करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थल के रूप में इसके विकसित होने से पर्यटकों को जहां वन्यजीवों व वन संपदाओं को देखने का अवसर प्राप्त होगा, वहीं युवकों को रोजगार उपलब्ध कराने में भी सहायक होगा। इस सफारी से जहां जंगल की सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा, वहीं चौक बाजार भी नए स्वरूप में दिखेगा।
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री इस मौके पर दिग्विजयनाथ इंटर कॉलेज के क्रीड़ास्थल पर इको टूरिज्म महोत्सव के तहत आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जंगल सफारी के शुभारंभ को स्वीकृति देने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सफारी की पहल से वनटांगियों की मुश्किल को दूर करने में भी काफी मदद मिलेगी।
विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि विद्यार्थी सफारी का प्रयोग ज्ञानवर्धन में करें। विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि सफारी का शुभारंभ होना ऐतिहासिक है। इससे सोहगीबरवां प्रभाग व चौक बाजार दोनों की प्रदेश के पटल पर विशिष्ट पहचान होगी। विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से बड़े कार्य के रूप में सफारी की शुरुआत हो रही है।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि जंगल सफारी ज्ञानवर्धन में सहायक होने के साथ रोजगार की दृष्टि से भी सहायक होगा। मुख्य वन संरक्षक एपी सिन्हा ने कहा कि सफारी के माध्यम से आमजन को प्राकृतिक संसाधनों के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम का संचालन जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने किया। इस दौरान वन विभाग के प्रबंध निदेशक सुधीर कुमार शर्मा, महाप्रबंधक सुजाय बनर्जी, डीएफओ पुष्प कुमार कांधला, अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज वर्मा, टूर आपरेटर राकेश गुप्ता व ज्ञानेंद्र त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की बढ़ाई रौनक
जंगल सफारी के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम की रौनक बढ़ाने का कार्य किया। महंत अवेद्यनाथ महाविद्यालय की छात्राओं ने जहां मन की वीणा से गुंजित ध्वनि मंगलम नामक स्वागत गीत प्रस्तुत किया, वहीं दिग्विजय नाथ इंटर कॉलेज की छात्रा अंकिता चौधरी ने मेरे ढोलना सुन.. नामक गीत पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद आरके सनशाइन स्कूल के बच्चों ने बेजुबां कहता ही रहा.. गीत पर पर्यावरण तथा पैरामाउंट एकेडमी के बच्चों ने मेरे देश की धरती.. गीत पर कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मनोरंजन किया। मुख्य वन संरक्षक ने भी तजुर्बा नामक प्रस्तुति से लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
फोटो गैलरी व स्टाल का किया अवलोकन
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई फोटो गैलरी व प्रदर्शनी का अवलोकन किया। फोटो गैलरी में सोहगीबरवां वन्यजीव प्रभाग के विभिन्न स्थलों को देखते हुए जहां उन्होंने जानकारी ली, वहीं वनटांगिया समुदाय के रहन-सहन व भाषा-शैली की जानकारी हासिल की। इसके बाद उन्होंने जंगल सफारी के लोगो व एवं लोगोयुुक्त टी-शर्ट व कैप को भी देखा।
हरी झंडी दिखाकर वाहन को किया रवाना, स्वयं भी लिया आनंद
कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने दो जिप्सी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर सफारी के लिए रवाना किया। इसके उपरांत एक वाहन पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री व सभी विधायक तथा दूसरे वाहन पर जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारी जंगल सफारी के लिए गए। चौक क्षेत्र के जंगलों में सभी ने सफारी का लुत्फ उठाया।
केंद्रीय वित्त मंत्री ने अधिकारियों को भी किया सम्मानित
चौक बाजार। जंगल सफारी के शुभारंभ को ऐतिहासिक कदम बताते हुए केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने इसे मूर्त रूप देने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, डीएफओ पुष्प कुमार कांधला व अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा को भी सम्मानित किया। इसके अलावा जंगल सफारी के बारे मेें ज्ञानवर्धक किताब तैयार करने वाले सिसवां के अंकित पटेल को केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने जहां सम्मानित किया, वहीं जिलाधिकारी ने उनके प्रयासों की सराहना की।
सोनौली में जल्द ही मिलेगी एयरपोर्ट की सुविधा
महराजगंज। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार जिले के विकास के लिए तत्पर है। सोनौली में जल्द ही एयरपोर्ट की सुविधा मिलेगी। इसके बन जाने से स्थानीय लोगों को जहां देश-विदेश के अलग-अलग स्थलों पर जाने की सुविधा मिलेगी। वहीं नेपाल की यात्रा करने वाले पर्यटक भी यहां तक की यात्रा कर अपने समय की बचत कर सकेंगे।