महराजगंज। स्कूली बच्चों में नशे की लत रोकने के लिए प्रत्येक कक्षा में बाल प्रहरी क्लब का गठन किया जाएगा। बच्चों में नशीली दवाओं का दुरुपयोग, अवैध व्यापार और मानव तस्करी पर रोक लगाई जाएगी। प्रहरी क्लब में कक्षाध्यापक को अध्यक्ष नामित किया जाएगा। छात्र क्लब के सदस्य होंगे। कक्षाध्यापक बच्चों को प्रशिक्षण देंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि विभाग के निर्देश पर जिले के माध्यमिक शिक्षा परिषद के राजकीय, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के अलावा सीबीएसई बोर्ड के विद्यालयों के प्रत्येक कक्षा बाल्य प्रहरी क्लब के गठन के लिए निर्देश दिए गए हैं। विद्यालयों में कक्षा छह से 12 तक के बच्चों को नशा मुक्ति अभियान के तहत बाल प्रहरी क्लब में जोड़ा जाएगा।
डीआईओएस ने कहा कि स्कूली बच्चों में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। पहले चरण में कक्षाध्यापक बच्चों को प्रशिक्षित करेंगे। दूसरे चरण में छात्र अपने आसपास के लोगों को नशा रोकने के लिए जागरूक करेंगे। गठित क्लब एक युद्ध नशा के विरुद्ध थीम पर काम करेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को दिशा-निर्देश दिया है। जल्द ही सभी विद्यालयों की प्रत्येक कक्षा में बाल प्रहरी क्लब सक्रिय किया जाएगा।