ओबरी गांव में चिकन पॉक्स से पीड़ित को दवा पिलाती एएनएम पूजा प्रजापति।संवाद
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पीड़ितों को दी दवा
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। शहर के घोड़हवा वार्ड से सटे ओबरी गांव में बुधवार को चिकन पॉक्स के मरीज मिलने से ग्रामीणों में खलबली मच गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पीड़ितों को विटामिन ए की दवा पिलाकर दवाएं वितरण कीं।
ओबरी गांव में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम के सदस्य स्वास्थ्य निरीक्षक चंद्रशेखर वर्मा ने बताया कि चिकन पॉक्स के मरीज मिलने की सूचना मिलते ही गांव में पहुंच पहले सर्वे किया गया। अंश (10) गुड़िया (13) और हिमांशु (13) चिकन पॉक्स से पीड़ित मिले। तीनों पीड़ितों को विटामिन ए की दवा पिलाई गई।
चिकन पॉक्स से बचाव के लिए ग्रामीणों को साफ-सफाई सहित तमाम बिंदुओं पर जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया गया। टीम में एएनएम पूजा प्रजापति, अरविंद कुमार, सौरभ कुमार राय शामिल रहे।