मरीजों को बाहर जांच कराने में जेब हो रही ढीली
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिला अस्पताल में मशीन खराब होने की वजह से मरीजों की सीबीसी (कंप्लीट ब्लड काउंट) की जांच मंगलवार को नहीं हो सकी। जिससे लोगों को सीबीसी जांच के लिए निजी पैथालॉजी में जाना पड़ा। इसी ठीक कराने को लेकर जिला अस्पताल के जिम्मेदार गंभीर नहीं हैं। बताया जा रहा है कि इसके ठीक होने में एक सप्ताह का समय लग सकता है। ऐसे में मरीजों को बाहर से जांच कराने में जेब ढीली करनी पड़ेगी।
जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रत्येक दिन 800 से अधिक मरीज पहुंचते हैं। मंगलवार को मरीजों जब डॉक्टरों ने सीबीसी जांच के लिए लिखा तो मरीज पैथालॉजी पहुंचे। यहां कुछ देर बाद पता चला कि सीबीसी मशीन खराब हो चुकी है। करीब 100 मरीज जांच के लिए आए थे, सभी मायूस हो गए। जिला अस्पताल में खून की जरूरी सीबीसी जांच मंगलवार को नहीं हुई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार इस मशीन को बनवाने के लिए तकनीशियन से वार्ता की गई। मशीन के कुछ पार्ट खराब हैं, जिसे मंगाया जा रहा है।
अस्पताल आए राकेश, धर्मेंद्र, नीतू ने बताया कि अगर जिला अस्पताल में सीबीसी की जांच कराई जाती तो लोगों को बाहर महंगे दर पर निजी पैथॉलोजी में जांच के लिए नहीं जाना पड़ता। जांच के बाद रकम ज्यादा खर्च करना पड़ा। अगर अस्पताल में मशीन ठीक रहती तो समस्या नहीं होती।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि जिला अस्पताल की सीबीसी जांच मशीन खराब है, जिसे ठीक कराने के लिए तकनीशियन से बात की गई है। जल्दी ही मशीन ठीक करा दी जाएगी। अस्पताल में आने वाले मरीजों को हर संभव बेहतर सुविधा देने की कोशिश की जा रही है।