महराजगंज। दहेज में बाइक की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने, जबरन गर्भपात कराने, मारपीट कर घर से निकालने और जेवर छीन लेने का मामला सामने आया है। मामले में कोतवाली पुलिस ने पति सहित आठ लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज किया है। परतावल बाजार के स्वामी विवेकानंद नगर वार्ड संख्या-4 निवासी सहाना खातून ने बताया कि उसका निकाह 25 अगस्त 2025 को कोतवाली क्षेत्र के गबडुआ बीर अब्दुल हमीद नगर वार्ड संख्या-20 धनेवा-धनेई निवासी साजिद अली के साथ हुआ था। विवाह के समय उसके माता-पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज और अन्य उपहार दिया था। आरोप है कि शादी के करीब एक सप्ताह बाद ही पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाने लगी। पीड़िता का आरोप है कि गर्भवती होने पर ससुराल पक्ष ने संतान न रखने की बात कहते हुए जबरन गर्भपात करा दिया। सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि पति साजिद अली, ससुर अबुल हसन, सास रुकसाना, देवर फैयाज अहमद, ननद अजमतुन निशा, उसके पति आफताब आलम, दूसरी ननद सहाना और उसके पति आसिफ खान के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रहीं है।