क्षेत्र के 44 परिषदीय विद्यालयों के नाम 40 लाख का आया बिजली का बिल
शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों से बिल का मांगा ब्योरा, विद्युत निगम पर अतिरिक्ति बिजल भेजने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
लक्ष्मीपुर। विद्युत निगम ने लक्ष्मीपुर क्षेत्र के 44 परिषदीय विद्यालयों के नाम 40 लाख विद्युत बिल भेजा है। बकाया बिजली बिल की इतनी बड़ी रकम आने के बाद शिक्षा विभाग ने संदेह जताते हुए जांच शुरू कर दिया है। विभाग ने ब्लॉक के सभी विद्यालयों से बिजली बिल का ब्योरा मांगा है। साथ ही शिक्षा विभाग ने विद्युत निगम पर अतिरिक्त बिजली का बिल भेजने का आरोप लगाया है।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड उपखंड लक्ष्मीपुर के अवर अभियंता आरके गौतम ने बताया कि लक्ष्मीपुर के 44 परिषदीय विद्यालयों में 40 लाख का विद्युत बिल बकाया है। जिसके लिए ब्लॉक संसाधन केंद्र कार्यालय पर पत्र दे दिया गया है। जल्द से जल्द भुगतान करने को कहा गया है। जिसमें परिषदीय विद्यालय मझौली, हथियागढ़, रुद्रपुर शिवनाथ, मोहनापुर, सोनवल, पैसिया ललाइन, कोट कमहिया, लक्ष्मीपुर, बेलासपुर, पिपरा सोहट, थरौली, बनर्सिहा, लालपुर कल्याणपुर, धुसवा कला, चौतरवा, सुरपार, रघुनाथपुर, राजधानी, रजापुर, रानीपुर, गौहरपुर आदि प्रमुख हैं। खंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीपुर हेमंत कुमार मिश्र ने बताया कि 40 लाख रुपये का बिजली का बिल आने से शिक्षक हैरान हैं। उन्होंने बताया कि ब्लॉक के सभी विद्यालयों से बिजली संबंधित अभिलेख का ब्योरा मांगा गया है। आंकड़ों के मुताबिक लक्ष्मीपुर में कुल 142 परिषदीय विद्यालय हैं। जिसमें प्राथमिक 86, उच्च प्राथमिक 14 एवं कम्पोजिट 42 विद्यालय हैं। जिसमें से विद्युत निगम की लापरवाही से अधिकांश स्कूलों में मीटर ही नहीं लगाए गए हैं। शिक्षक विकास नरायण मिश्र, लालचंद गुप्त, नाथ प्रसाद, जोवेद खान, दयानंद त्रिपाठी, रामकृपाल और मोहित यादव आदि ने कहा कि स्कूलों में सिर्फ लाइट और पंखा चलता है, वो भी सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक, इसके बाद भी इतना ज्यादा बिजली का बिल कैसे आ गया। जबकि बिजली कटौती भी होती है।