महराजगंज। लोकसभा चुनाव को लेकर स्थानीय प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। सी-विजिल एप पर चुनाव की घोषणा से मतदान दिवस तक चुनाव संबंधित शिकायत की जा सकती है। इसका निराकरण 100 मिनट में होगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ. पंकज वर्मा ने बताया कि लोकसभा सामान्य-निर्वाचन 2024 में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन व अन्य शिकायतें करने और उसके निस्तारण के लिए ऑनलाइन सी-विजिल एप विकसित किया गया है। इस एप पर चुनाव की घोषणा के दिनांक से मतदान दिवस तक शिकायत अपलोड की जा सकती है। भारत निर्वाचन आयोग चुनाव का सी-विजिल एप निर्वाचन आयोग की काफी मदद करता है। कोई भी नागरिक कहीं भी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होता हुआ देखे तो उससे संबंधित फोटो, वीडियो, ऑडियो व अन्य साक्ष्य इस पर अपलोड कर सकते हैं। अक्सर अपराधी निर्वाचन आयोग के उड़नदस्तों की नजर से बच निकलते हैं।
भौगोलिक स्थिति विवरणों की सहायता से घटना स्थल की तुरंत और सही ढंग से पहचान करने में यह एप सहायक है। कोई भी व्यक्ति अपने स्मार्टफोन में गूगल प्ले स्टोर से सी-विजिल एप डाउनलोड कर सकता है। इस एप की एक विशेषता यह है कि यह उड़नदस्तों को समयबद्ध तरीके से कार्य करने के लिए डिजिटल साक्ष्य सुनिश्चित करने के लिए एप के भीतर से ऑटो लोकेशन कैप्चर करने के साथ जीवंत फोटो, वीडियो की सुविधा है। इस एप को प्रयोग करते हुए नागरिक राजनीतिक कदाचार की घटनाओं के घटने के कुछ ही मिनटों में उनकी तत्काल रिपोर्ट कर सकते हैं, जिसके लिए रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में जाने की जरूरत नहीं होती।