मां-बेटी को घर से बाहर बुलाकर किया
धारदार हथियार से हमला, बेटी की मौत
मां की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज गोरखपुर से पीजीआई रेफर
दो अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर पुलिस कर रही मामले की जांच
महराजगंज/पनियरा। थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत रुदलापुर में मंगलवार देर रात 11:30 बजे मां-बेटी पर दो लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल है। मां को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले जाया गया, जहां से पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया गया। दो अज्ञात लोगों पर केस दर्ज पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्राम पंचायत रुदलापुर की रहने वाली रिंकी मद्धेशिया (46) और उनकी पुत्री काजल (17) मंगलवार की देर रात किसी का फोन आने पर घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर खजुरिया सोहास नहर पर चली गईं। बताया जाता है कि बाइक से आए दो लोगों से रिंकी बातचीत कर रही थी। इस दौरान बेटी काजल कुछ दूरी पर खड़ी थी। अचानक दोनों आदमी रिंकी को मारने लगे तो काजल मां को बचाने पहुंच गई। हमलावरों ने काजल को धारदार हथियार से काट डाला, जिससे उसकी मौत हो गई।
उधर, गंभीर रूप से घायल रिंकी जान बचाने के लिए नहर में कूदकर चिल्लाने लगी। रात में गांव से बाहर शोरगुल सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो वारदात की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो खून से लथपथ रिंकी ने बताया कि उसकी बेटी घटनास्थल पर है। पुलिस वहां पहुंची तो काजल धान के खेत में चकरोड के किनारे मृत पड़ी थी। पुलिस ने काजल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव के लोगों ने बताया कि रिंकी का पति संजय मद्धेशिया करीब तीन साल से गोरखपुर में रहता है। उसने दूसरी शादी कर ली है। गांव में रिंकी बेटी काजल और सात साल के बेटे के साथ रहती है। रिंकी की बड़ी बेटी सतना की शादी हो चुकी है। वह अपनी ससुराल में रहती है। बुधवार देर शाम सतना ने पुलिस को तहरीर देकर दो लोगों पर हमला करने और बहन को जान से मारने का आरोप लगाया है। काजल कक्षा नौ की छात्रा थी, लेकिन स्कूल नहीं जाती थी।
---
घटनाक्रम पर पुलिस की नजर है। दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगी हैं। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जल्द घटना का पर्दाफाश हो जाएगा।
-डॉ. कौस्तुभ, पुलिस अधीक्षक
----
घटनास्थल पर पहुंचे डीआईजी
पनियरा क्षेत्र के रुद्रलापुर ग्राम में हत्या के मामले का पर्दाफाश करने के लिए टीमें लगी हैं। पुलिस उप महानिरीक्षक गोरखपुर जे. रविंद्र गौंड एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। गांव के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की गई।
रुदलापुर गांव मे युवती की हत्या के बाद घटना स्थल की जांच करते डीआईजी ।संवाद- फोटो : MAHARAJGANJ