यात्रियों से भरी बस पलटी, पांच लोग घायल
फरेंदा (महराजगंज)। गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कैंपियरगंज जंगल में गोरखपुर से फरेंदा की तरफ आ रही यात्रियों से भरी बस बाइक सवार को बचाने में सड़क के किनारे पलट गई। इस हादसे में बस में सवार पांच लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गई जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गोरखपुर से फरेंदा की तरफ आ रही यात्री बस कैंपियरगंज जंगल में बाइक सवार को बचाने में अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई जिससे उसमें सवार पुष्पा (25) निवासी मोहरीपुर गोरखपुर, मंशी (20) निवासी पीपीगंज, सतीश (48) निवासी रुस्तमपर गोरखपुर, राजेश (56) व मोहम्मद साहिब (30) निवासी गोरखपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश उपाध्याय ने घटना की पुष्टि की।