निचलौल (महराजगंज)। भारत-नेपाल बॉर्डर से सटे झुलनीपुर से गोरखपुर के लिए चलने वाली परिवहन निगम की एकमात्र बस सेवा अनियमित हो गई है। कभी चलती है तो कभी अचानक ठप हो जाती है। ऐसे में सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को जिला मुख्यालय और गोरखपुर के लिए सफर करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के बैठवलिया निवासी अशोक और मुनीर जबकि मिश्रवलिया निवासी दीपक तिवारी ने कहा कि भारत-नेपाल बॉर्डर से सटे सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को जिला मुख्यालय और गोरखपुर जाने के लिए पहले छोटे वाहनों से करीब 15 किलोमीटर दूर निचलौल बस स्टेशन जाना पड़ता है। इसके बाद निजी बसों एवं अन्य वाहनों की सवारी कर यात्रा तय करनी पड़ती है। सबसे अधिक परेशानी तो वापस लौटने के दौरान होती है। क्योंकि देर शाम होने पर लोगों को सीमावर्ती क्षेत्रों के गांवों तक जाने के लिए कोई वाहन सुविधा नहीं मिल पाती है।
लोगों की समस्याओं को देखते हुए परिवहन विभाग ने बार्डर से सटे झुलनीपुर से निचलौल, महराजगंज और गोरखपुर को जाने वाली बस सेवा शुरू की थी। यह बस सुबह सात बजे से गोरखपुर के लिए चलती थी, जबकि गोरखपुर से रात करीब 10 बजे झुलनीपुर पहुंच जाती थी। इससे बॉर्डर क्षेत्र के झुलनीपुर, रेंगहिया, शितलापुर, बैठवलिया, मिश्रवलिया, बहुआर, बजहा सहित दर्जनों गांव के लोग सफर करते हैं, लेकिन पिछले कुछ महीनों से बसों का संचालन अनियमित हो गया है। कभी चलती है तो कभी अचानक बस सेवा ठप हो जाती है, जिसके चलते लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
परिवहन विभाग के निचलौल बस स्टेशन प्रभारी ओमप्रकाश ने कहा की इन दिनों झुलनीपुर से गोरखपुर के लिए हर रोज नियमित सुबह सात बजे से संचालित हो रही है।