कटिया डालकर पंचायत भवन में जला रहे हैं बल्ब
आम लोगों पर सख्ती दिखाने वाले बिजली निगम के अधिकारी खामोश
निचलौल। क्षेत्र के गांवों में स्थित पंचायत भवनों पर प्राथमिक कामकाज को निपटाने के लिए अभी तक विद्युत कनेक्शन नहीं हो सका है। ऐसे में ज्यादातर पंचायत भवन कटिया कनेक्शन से रोशन हो रहे हैं। दरअसल, बिजली चोरी को लेकर आम उपभोक्ताओं पर सख्ती दिखाने वाला विद्युत निगम इस प्रकरण में चुप्पी साधे है।
ब्लॉक कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक क्षेत्र की 108 ग्राम पंचायतों में से 96 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन संचालित हो रहे हैं। आठ पंचायत भवन का निर्माण जारी है। जबकि शेष चार भवन में कुछ में विवाद है। इन स्थानों पर पंचायत भवन किराए के मकानों में संचालित हो रहा है। दरअसल, 96 पंचायत भवनों का निर्माण कराकर हाईटेक तो कर दिया गया है, लेकिन विभाग के जिम्मेदारों द्वारा अभी तक महज 40 भवनों पर विद्युत कनेक्शन लिया है।
---------------
संचालित सभी पंचायत भवनों वाले ग्राम सचिवों एवं ग्राम प्रधानों को कनेक्शन लेने के लिए निर्देश दिया गया है। अगर कहीं नहीं है तो, जल्द सभी भवनों में बिजली कनेक्शन ले लिया जाएगा।
विनय पांडेय, एडीओ पंचायत, निचलौल
-------------------
पंचायत भवनों पर कनेक्शन के लिए जितने आवेदन आए थे। सभी पर कनेक्शन कर दिया गया है। निरीक्षण कर उच्चधिकारियों को जानकारी देते हुए कार्रवाई की जाएगी।
विपिन कुमार, अधीशासी अभियंता, विद्युत