- बीते सोमवार को चाकू से हुए हमले में भाभी हुई थी घायल
-मेडिकल कालेज में भर्ती, हालत में हो रहा सुधार
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के अहिरौली ग्राम सभा में भाभी के पेट में चाकू मारकर घायल करने वाले देवर को पुलिस ने बुधवार की रात गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने चार जुलाई को हत्या का प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
जानकारी के अनुसार बीते सोमवार रात भिटौली थाना क्षेत्र के अहिरौली निवासी छोटकन की पत्नी विमला (45) अपने बच्चों के साथ घर पर थी। देर रात उसका देवर किशोर शराब के नशे में आया और विमला से गाली-गलौज करने लगा। मना करने पर देवर किशोर ने भाभी विमला के पेट में चाकू से वार कर दिया। मां को घायल देख विमला के बच्चे व अन्य परिजन बीच-बचाव करने लगे। इसी दौरान किशोर जमीन पर गिर गया और उसके सर में चोट लग गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी परतावल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। विमला की हालत गंभीर बनी हुई है। डाॅक्टरों ने बताया कि धीरे-धीरे हालत में सुधार हो रहा है। अब वह खतरे से बाहर है। वहीं मेडिकल कालेज से ठीक होने के बाद बुधवार रात देवर किशोर घर पहुंचा तो सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे घर से ही गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक भिटौली सुनील कुमार राय ने बताया कि आरोपी देवर किशोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अगली कार्रवाई की जा रही है।