महराजगंज। भारत से नेपाल भ्रमण पर जाने वाले पर्यटकों को दलाल चूना लगा रहे हैं। भारतीय रुपये को नेपाली में बदलने के नाम पर अधिक कमीशन लिया जा रहा है। भारतीय 100 रुपये का 160 नेपाली की जगह 140 से 141 रुपये देकर ही दलाल काम चला रहे हैं। एक सौ रुपये में 19 रुपये ले लिया जा रहा है। दूसरा देश होने के कारण दूर से आने वाले पर्यटक इसकी शिकायत नहीं कर पाते।
भारत में 2000 और 1000 रुपये का भारतीय मुद्रा के चलन पर रोक के बाद नेपाल में भारतीय रुपये का मूल्य लगातार कम होता जा रहा है। नेपाल में सरकारी कार्यालयों से लेकर दुकानों तक में अब भारतीय नोट का प्रचलन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। ऐसे में भारत से नेपाल जाने वाले लोगों को नेपाल बॉर्डर पर ही मुद्रा एक्सचेंज करने पर भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। पहले भारतीय 100 रुपये के बदले 160 रुपये तक नेपाली नोट दिया जाता था। अब वहां पर मनमानी की जा रही है। कुछ भारतीय गाड़ियों के टूरिस्ट गाइड तो अपंजीकृत कुछ बाहरी दलाल भारतीय पर्यटकों को गुमराह कर रुपये बदलने में ठगी कर दे रहे हैं।
500 रुपये का नेपाल में 700 से 750 रुपये तक ही दिया जा रहा है। इसका कम से कम 800 नेपाली नोट मिलना चाहिए, जबकि पंजीकृत मुद्रा काउंटर पर विनिमय दर से नेपाली मुद्रा प्राप्त की जा रही है। नेपाल में जाने के लिए भारतीय क्षेत्र के लोगों को वाहन का भंसार लेना जरूरी है। पूर्व में भारतीय क्षेत्र के लोग नेपाल जाते समय भारतीय नोट लेकर आसानी से जाते थे, कहीं पर भी नोट का आदान-प्रदान आसानी से हो जाता था। नेपाली लोग भारतीय नोट पाकर उत्साहित भी होते थे। अब हालात बदल गए हैं।
रोजाना करोड़ों रुपये का होता है एक्सचेंज
रोजाना भारत से नेपाल पांच से आठ हजार पर्यटक पहुंचते हैं, जिसमें भारतीय पर्यटकों की संख्या दो हजार से अधिक है। नेपाल में भारतीय मुद्रा के चलन पर रोक है, जिसके कारण पर्यटक भारतीय मुद्रा को नेपाली मुद्रा में बदलकर गंतव्य को जाते हैं। मुद्रा बदलने के लिए सोनौली सीमा से सटे नेपाल बेलहिया में 15 से अधिक पंजीकृत मुद्रा एक्सचेंज काउंटर हैं, जबकि भारतीय सीमा में ऐसे काउंटर नहीं है। यहां कपड़े और जनरल स्टोर चलाने वाले दुकानदार ही जो अवैध रूप से मनी एक्सचेंज का कारोबार करते हैं। सीमा पर पांच करोड़ से अधिक का रुपये बदलने का कारोबार हो जाता है।
पर्यटकों को पंजीकृत काउंटर से पैसे बदलने चाहिए, यहां पर नेपाल सरकार द्वारा तय मानक विनिमय दर पर रुपये बदले जाते हैं। अपंजीकृत लोगों से मुद्रा परिवर्तन नहीं करना चहिए।
-रवि कुमार, कारोबारी, मनी एक्सचेंज