श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के एक गांव की लड़की की शादी घुघली थाना क्षेत्र के एक गांव में तय थी। बुधवार रात बरात दरवाजे पर पहुंची। लड़की पक्ष के अनुसार दूल्हा शराब के नशे में धुत था। जयमाल स्टेज पर दूल्हे की हरकत देख सभी लोग दंग रह गए। दूल्हे की इस हरकत से दोनों पक्षों में तनातनी शुरू हो गई। हालांकि बड़े-बुजुर्गों ने किसी तरह मामला शांत करा दिया। इसके बाद भी नशे में धुत दूल्हा हर रस्म के दौरान अभद्रता करता रहा। रात को शादी के मंडप में बात उस समय बिगड़ गई जब दूल्हा चौखट पर बैठने के दौरान गिर गया। ये देख दुल्हन भड़क गई और शादी करने से इनकार कर दिया। दुल्हन के इस फैसले पर परिजन हैरत में पड़ गए। वे लोग लड़की को मनाने की कोशिश कर रही रहे थे कि दूल्हे ने भी शादी से इनकार कर दिया। इस पर नौबत मारपीट तक पहुंच गई। इस पर लड़की पक्ष ने पुलिस को सूचना दे दी। उधर, मामला बिगड़ता देख दूल्हे का पिता व बाराती फरार हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस दूल्हे को हिरासत में लेकर थाने चली गई। बृहस्पतिवार दिनभर थाने में दानों पक्षों के बीच काफी जद्दोजहद होती रही। लड़की पक्ष के मुताबिक द्वारपूजा व जयमाल होने के बाद दूल्हे ने ही शादी करने से इनकार कर दिया। वहीं दूल्हे ने बताया कि दोस्तों ने मुझे बीयर पिला दी थी, जिसकी वजह से दुल्हन ने शादी करने से इन्कार कर दिया। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दो पक्ष आपस में बात कर रहे हैं। तहरीर नहीं मिली है।