धानी बाजार। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के धानी बाजार में घर से लापता एक युवक का शव दो दिन बाद गोरखपुर के थाना कैंपियरगंज के ताल बंजरहा गांव स्थित राप्ती नदी में मिला। 16 अक्तूबर को धानी बाजार निवासी ऊषा देवी ने पुलिस को सूचना दी कि उनका पुत्र अजय सहानी (18) बुधवार की सुबह साढ़े दस बजे के लगभग घर से नदी की तरफ गया और देर शाम तक वापस नहीं आया। परिजनों ने आसपास से लेकर रिश्तेदारी में तलाशा, फिर भी पता नहीं चला। मां की सूचना पर पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों व गोताखोरों की मदद से नदी में तलाशी अभियान चलाया, मगर कोई सफलता नहीं मिली। बृहस्पतिवार की देर शाम युवक का शव गोरखपुर के बंजरहा गांव के पास राप्ती नदी में मिला। थानाध्यक्ष बृजमनगंज सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि शव कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।