खानपुर गांव के तालाब में मिला बालक का शव, हत्या की आशंका
- फोटो : खानपुर गांव के तालाब में मिला बालक का शव, हत्या की आशंका
आंख व गले पर चोट के निशान, मुंह से झाग व दाहिने कान से निकल रहा था खून
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के खानपुर गांव में शुक्रवार सुबह पश्चिम तालाब में बालक का शव संदिग्ध हाल में मिला है। लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया। बालक के आंख व गले पर गहरे चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। मुंह से झाग व दाहिने कान से खून भी निकल रहा था। इसे देख लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। बालक के परिजनों की ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बृहस्पतिवार रात आठ बजे खानपुर निवासी सत्तन का 12 वर्षीय बेटा रोहन अपने पिता के साथ खाना खाया। उसके बाद गांव में ही आंबेडकर मूर्ति के पास बज रहे डीजे को देखने गया था। देर रात डीजे बंद हो गया, लेकिन वह घर नहीं लौटा। रोहन घर नहीं पहुंचा तो परिजन ढूंढ़ने लगे, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। कई लोगों से पूछा भी, लेकिन किसी से भी उसके संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। मृतक के पिता ने सत्तन बताया कि पूरी रात बेटे को खोजता रहा, लेकिन वह नहीं मिला। सुबह सात बजे सूचना मिली कि गांव के पश्चिम स्थित तालाब में किनारे किसी बच्चे की लाश पड़ी है। इसके बाद वहां ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों ने पोखरे से शव को निकाला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान रोहन के रूप में की। घटनास्थल पर एएसपी आतिश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अजय सिंह चौहान ,थानाध्यक्ष नीरज राय ने पहुंच कर घटना की जानकारी ली। आसपास के लोगों से पूछताछ की।
घुघली थानाध्यक्ष नीरज राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की जानकारी हो सकेगी। परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है।