जिला अस्पताल के बाहर बच्चे को पंखा झलती महिला।संवाद
महराजगंज। भीषण गर्मी ने क्षय रोगियों की परेशानी बढ़ा दी है। इन मरीजों में खांसी के साथ मुंह से खून आने की समस्या देखी जा रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन इस समस्या से पीड़ित चार से पांच मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सक उन्हें दवा के साथ गर्मी में खानपान को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल के डॉ. एवी त्रिपाठी ने बताया कि ओपीडी में प्रतिदिन चार से पांच ऐसे मरीज आ रहे हैं, जो खांसी के साथ मुंह से खून आने की समस्या से पीड़ित हैं। इनमें वह मरीज शामिल हैं, जो पूर्व में क्षय रोग से पीड़ित रहे हैं, और उनका क्षय रोग का इलाज चला, लेकिन उन्होंने बीच में ही कोर्स को अधूरा छोड़ दिया। गर्मी में एकाएक धूप से आने के बाद अधिक ठंडा पानी पीने व अन्य पदार्थ पीने से शरीर के अंदर के तापमान पर असर पड़ता है। इस कारण खांसी के साथ ही मरीजों के मुंह से खून आने की परेशानी देखी जा रही है। जरूरी है कि क्षय रोग से पीड़ित मरीज ज्यादा ठंडा पानी पीने और अन्य तरल ठंडे पदार्थों का सेवन करने से बचें। संवाद