क्षेत्रीय समस्याओं को दूर करने की मांग संबंधी जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष सुरेश चंद साहनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याएं दूर करने की मांग की।
डीएम को दिए गए ज्ञापन में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने लिखा कि न्याय पंचायत रजापुर अति पिछड़ा एवं बाढ़ग्रस्त क्षेत्र है। इस क्षेत्र में पहाड़ी रोहिन नदी बहती है। दाहिने तरफ लगभग 5 किलोमीटर व बाएं तरफ लगभग 12 किलोमीटर सिंचाई विभाग द्वारा बंधे का निर्माण किया गया है। इसमें कई जगह बंधे में फाटकदार पुलिया एवं पत्थर के ठोकर लगवाए गए हैं, लेकिन आराजी सुबाइन, कुड़िया सोनराडीह, अमहवा उत्तरी, अमवा खास, मछरिअहआ, रजापुर, काशीपुर इलाके में कटान की वजह से नदी बंधे से सट गई है।
बाढ़ के समय इन इलाकों में बंधे के कटने की आशंका बनी रहेगी। वहीं, मछरिअहवा, कुड़िया इलाके में बाढ़ का पानी न निकलने के कारण जलभराव होने से फसलों, मवेशियों एवं जानमाल का काफी खतरा बनता जा रहा है। तहसील प्रशासन द्वारा निरीक्षण किया गया था, लेकिन सिंचाई विभाग द्वारा आज तक कोई कार्य शुरू नहीं किया गया। डीएम से मांग करते हुए कहा कि आराजी सुबाइन, कुड़िया सोनराडीह, अमहवा उत्तरी, अमवा खास, मछरिअहआ, रजापुर, काशीपुर में पत्थर के ठोकर लगवाए जाएं। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष मिथिलेश सिंह, जितेंद्र चौधरी, दिलीप कुमार, सिकंदर खान, ओमप्रकाश मौर्य, राघवेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।
-