महराजगंज। नौतनवां नगर के बाईपास तिराहे पर एक चाय की दुकान पर एक ही स्थान पर बैठने को लेकर दो युवक आपस में कहासुनी के बाद भिड़ गए और जमकर मारपीट की। इस दौरान एक युवक ने दूसरे युवक की बाइक में आग लगा दी, जिससे बाइक पूरी तरह से जल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस एक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। एक पक्ष के युवक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सोनौली निवासी अरबाज खान ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि वह रविवार को नौतनवां बाईपास स्थित एक चाय की दुकान पर चाय पीने गए थे। जहां बैठने को लेकर नौतनवां कस्बा के तीन लोगों ने मिलकर बुरी तरह से मारा पीटा। इस दौरान उनकी बाइक में आग भी लगा दी, जिससे बाइक जल गई। थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि दो नशेड़ियों ने चाय की दुकान पर मारपीट की है। एक की बाइक भी जल गई है। मामले में एक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। बाकी की तलाश की जा रही है। संवाद