बाइक को टक्कर मारकर बिजली के खंभे से टकराई कार
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। टिकुलहिया गांव के पास बुधवार को अनियंत्रित कार की चपेट में आने से बाइक सवार दो भाई घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को सीएचसी निचलौल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार को मौके पर छोड़ उसमें सवार लोग भाग गए।
जानकारी के मुताबिक, कुंवारी सती गांव निवासी रूदल (22) छोटे भाई बिट्टू (18) के साथ बाइक से निचलौल बाजार जा रहे थे। टिकुलहिया गांव के पास तेज रफ्तार कार ने उन्हें चपेट में ले लिया। उसके बाद कार सड़क के किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई। बाइक सवार रूदल और बिट्टू घायल हो गए। निचलौल थाना प्रभारी आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। घायलों का इलाज चल रहा है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।