भारत-नेपाल के अधिकारियों के बीच समन्वय बैठक हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
नौतनवां। 66वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के दोमुहान घाट मुख्यालय में मंगलवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में भारत-नेपाल के रूपनदेही और नवलपरासी पश्चिम जिलों के अधिकारियों के बीच समन्वय बैठक हुई। बैठक में अहम मुद्दों पर दोनों देश के अधिकारियों के बीच चर्चा की गई।
बैठक में भारत-नेपाल सीमा पर बन रहे इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट, सीमा सुरक्षा, निकाय चुनाव, मादक पदार्थों की तस्करी, संदिग्ध गतिविधियों आदि मुद्दों पर वार्ता की गई। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि दोनों देशों के अधिकारियों के बीच बैठक में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट निर्माण को लेकर दोनों देशों के बीच सहयोग पर सहमति बनी। सीमा सुरक्षा, तस्करी रोकने आदि बिंदुओं पर वार्ता हुई। रूपनदेही सीडीओ भरत मणि पौडेल ने बताया कि इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट बन जाने से दोनों देशों के बीच व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। आपसी सहयोग एवं सौहार्द बढ़ेगा।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा, नेपाल के नवल परासी सीडीओ विश्व प्रकाश अर्याल, नवलपरासी एसपी विनोद सिलवाल, एसपी अशोक बट्टा, रूपनदेही एसपी भरत बहादुर, एसपी सशस्त्र दीपक कुमार थापा, एसडीएम नौतनवां दिनेश कुमार मिश्र, एसडीएम निचलौल राम सजीवन मौर्य आदि मौजूद रहे।