मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिला मुख्यालय परिसर में मासिक पंचायत लगाई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित मांग पत्र डीएम को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि जनपद के जिस राजस्व ग्राम में चकबंदी की प्रक्रिया चल रही है, वहां सरकारी जमीनों को चिह्नित कर ग्राम पंचायत पिलर लगवाने की मांग की गई है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि चकबंदी के अंतर्गत आने वाले गांवों में लेखपालों ने जमीन इधर-उधर करके काफी धनादोहन किया है। इसकी जांच कराने की मांग की गई है।
भाकियू कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी यदि सभी बिंदुओं पर शासन स्तर पर कार्रवाई नहीं की गई तो जिला मुख्यालय पर पंचायत लगाई जाएगी। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुरेश चंद साहनी, जिला महासचिव रामआशीष, ओमप्रकाश मौर्य, जिला उपाध्यक्ष मिथिलेश सिंह, राजेंद्र सिंह, इंदल, समीर अंसारी, पूर्णमासी, विनोद, रामबचन चौहान आदि मौजूद रहे।