महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को प्रोत्साहित करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बीएलओ के निवास स्थान पर जिला प्रशासन सोलर पैनल युक्त लाइट लगवाएगा। दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले बीएलओ को मोबाइल फोन प्रदान किया जाएगा। तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर आने वाले बीएलओ को सम्मानस्वरूप घड़ी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने एक नवाचार की भी घोषणा की है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले 25 बीएलओ को उनके संबंधित क्षेत्रों में पौधरोपण कराया जाएगा। इसे “बीएलओ वृक्ष” का नाम दिया जाएगा।