महराजगंज। रविवार को निर्धारित तीन सेंटरों पर 893 परीक्षार्थियों ने बीएड की प्रवेश परीक्षा दी। जबकि 1139 विद्यार्थी नामांकित रहे। सकुशल परीक्षा संपन्न कराने के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षकों के अलावा प्रत्येक सेंटर पर पुलिस के जवान भी मुस्तैद रहे। पहली पाली की परीक्षा सुबह नौ बजे से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक चली। किसी भी केंद्र पर गड़बड़ी की सूचना तो नहीं मिली, लेकिन कड़क धूप के कारण विद्यार्थी परेशान जरूर हुए। सभी सेंटर पर बच्चों को पानी पिलाने में स्टाफ सक्रिय रहा।
पहली पाली की परीक्षा सुबह नौ बजे से निर्धारित थी लेकिन तेज धूप के कारण परीक्षार्थी 8 बजे सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे। दूर से आए विद्यार्थी तो सुबह सात बजे तक ही पहुंच गये थे जो परीक्षा केंद्र के बाहर इधर-उधर की दुकानों पर चाय नाश्ता करते हुए अध्ययन भी कर रहे थे। सुबह आठ बजे जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कालेज में बच्चों के भीतर जाने का क्रम शुरू हुआ तो सबसे पहले गेट पर उनकी गहन तलाशी ली गई। जिनके पास मोबाइल फोन मिला उनसे नाम की स्लिप लेकर फोन जमा कराया गया।
निर्धारित कमरे में जाने से पहले दोबारा चेक किया गया। यहां पर 339 परीक्षार्थियों के लिए व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर काॅलेज में व्यवस्था सुदृढ़ देखी गई। यहां पर 400 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। धनेवा-धनेई स्थित भीमराव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में भी सघन जांच के बाद परीक्षार्थियों को भीतर जाने की अनुमति दी गई। यहां भी परीक्षा के लिए 400 विद्यार्थी पंजीकृत रहे। परीक्षा के नोडल/समन्वयक अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि पहली पाली में 122, व दूसरी पाली 124 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गये। परीक्षा सुचारु रूप से संपन्न हुई कहीं कोई गड़बड़ी नहीं मिली।