महराजगंज। विश्व रक्तदाता दिवस पर 14 जून को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से एसएसबी 66 वीं कैंप नौतनवा परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक की टीम जवानों की जांच करने के बाद रक्तदान कराएगी। शिविर को लेकर सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। शिविर सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक चलेगा। इसमें स्वैच्छिक रक्तदाता अपना खून देकर मरीजों की जिंदगी बचाने में बहुमूल्य योगदान करेंगे। आइए, आप भी रक्तदान कर महादानी बन सकते हैं।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि रक्तदान कराने के लिए टीम भेजी जाएगी। शिविर में लोग बढ़चढ़ कर भाग लें। शिविर में विभिन्न सामाजिक संगठन, व्यापारिक संगठन, स्वयंसेवी, छात्र और अन्य लोग शामिल हो सकते हैं। चिकित्सकों के अनुसार रक्तदान करने में कोई भी भ्रांति नहीं होनी चाहिए। आपके द्वारा दान किया गया रक्त जरूरत पड़ने पर दूसरों की जिंदगी बचा सकता है। इसके अलावा रक्तदान करने से रक्तदाता के खून की जांच में उसे कई बीमारियों के बारे में भी पता लग सकता है। इसमें एसएसबी जवानों का काफी सहयोग मिल रहा है।
रक्तदान करने से पहले ये सावधानी बरतें
-रक्तदान से पहले तंबाकू, सिगरेट जैसी नशीली चीजों का सेवन न करें।
-रक्तदान से पहले पर्याप्त आहार के सेवन के साथ तरल पदार्थ लें।
-खाली पेट कभी रक्तदान न करें।
आप कर सकते हैंं रक्तदान
-कोई भी स्वस्थ व्यक्ति तीन माह के अंतराल पर रक्तदान कर सकता है।
-18 से 60 साल तक की आयु का कोई भी व्यक्ति रक्तदान कर सकता है।
-रक्तदाता का हीमोग्लोबिन का स्तर निर्धारित मानक के अनुरूप होना चाहिए।