तहसील परिसर में हुआ हंगामा, दोनों पक्षों को पुलिस थाने ले गई
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। तहसील परिसर में बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े तीन बजे हंगामा हो गया। छोटे भाई को बैनामा कराने से रोकने पर बड़े भाई की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर थाने चली गई।
जानकारी के मुताबिक, कोठीभार थाना क्षेत्र के गौरी बढैपुरवा निवासी लालमन के दो बेटे जयराम व संतोष हैं। करीब दो वर्ष पहले लालमन की मौत होने के बाद दोनों भाइयों के नाम से जायदाद का वरासत हो गया। इसी बीच छोटा भाई संतोष गांव में पैतृक 60 डिस्मिल भूमि गांव के रामलाल को बैनामा करने तहसील आए थे। जिसकी भनक बड़े भाई जयराम को लगी, तो कुछ देर बाद तहसील पहुंचे और छोटे भाई संतोष को बैनामा करने से रोकने लगे। आक्रोशित लोगों ने जयराम की पिटाई कर दी।
उप निबंधक राकेश कुमार ने कहा कि सुबह 10 बजे से जांच के लिए क्षेत्र में निकला था। मामले की जानकारी मिली है। घटना तहसील परिसर की है। प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार गुप्ता ने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस टीम ने पहुंच कर आरोपी मोहम्मद कैफ निवासी गौरी बढैपुरवा को हिरासत में ले लिया है। दूसरे पक्ष के लोगों को भी थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है।