महराजगंज। जिले के चौक बाजार से रामग्राम सोनाड़ी देवी मंदिर तक साढ़े चार किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया है। सड़क निर्माण में 21 करोड़ रुपये व्यय होंगे। छह माह में काम पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। अभी लोगों को आवागमन में दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। आने वाले दिनों में फर्राटा भरेंगे।
जानकारी के अनुसार, प्रांतीय निर्माण खंड विभाग ने राजस्व विभाग के सहयोग से क्षेत्र के चौक, टेंगरहना और सोनाड़ी में कुल 3.6837 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण हुई है। सड़क निर्माण के दायरे में कुल 550 किसानों की भूमि आई है। राजस्व विभाग की ओर से भूमि अधिग्रहण के लिए सर्वे कार्य चल रहा है, जिससे प्रभावित किसानों की स्थिति स्पष्ट की जा सके।
राजस्व विभाग के सर्वे के अनुसार लगभग 188 किसानों के मकान, शौचालय, झोपड़ी और बाउंड्रीवॉल सड़क के निर्माण की जद में हैं। इन किसानों के लिए यह समय अत्यंत कठिनाइयों से भरा होगा, क्योंकि उनके घर और अन्य निर्माण कार्य प्रभावित होंगे। खाली जगहों पर सड़क बनाने का काम चल रहा है। सड़क निर्माण से क्षेत्र की सड़कें बेहतर होंगी और जनता को आवागमन में सुविधा होगी, लेकिन इसके साथ ही किसानों को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
चौक बाजार से लेकर रामग्राम सड़क सोनाड़ी देवी तक मार्ग चौड़ीकरण में कुल 550 किसानों की 3.6837 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण की व्यवस्था बनाई गई है। चौक, टेंगरहना और सोनाड़ी गांवों के कुल 188 किसानों के मकान, शौचालय, झोपड़ी और बाउंड्री टूटेगी। जिन किसानों की भूमि अधिग्रहण की जा रही है उन्हें मुआवजा दिया जाएगा।
-रमेश कुमार, उप जिलाधिकारी सदर
चौक बाजार से लेकर रामग्राम सोनाड़ी देवी मार्ग तक कुल साढ़े चार किलोमीटर की सड़क चौड़ी हो रही है। जहां पर किसानों की भूमि नहीं पड़ रही है उन खाली जगहों पर ड्रेसिंग कर गिट्टियां बिछाई जा रही हैं। छह माह में सड़क पूरी से बनकर तैयार हो जाएगी। निर्माण में 21 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
-ई. रामनरेश मौर्य, सहायक अभियंता प्रांतीय निर्माण खंड