-रोजाना जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं 25 मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। चिलचिलाती धूप का असर आंखों पर पड़ रहा है। जिला अस्पताल में रोजाना 25 से ज्यादा मरीज आंखों में जलन, पानी गिरने आदि की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल में नेत्र रोग विभाग के डॉ.अभिषेक सिंह ने बताया कि गर्मी के दिनों में लोगों को अपनी आंखों का खास ख्याल रखना चाहिए। गर्मी में सबसे अधिक लोगों को आंखों की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अच्छी क्वालिटी का चश्मा लगाना चाहिए। कम कीमत के चश्मे आंखों के लिए हानिकारक हैं।
उन्होंने बताया कि इन दिनों सड़कों पर उड़ती धूल से अपनी आंखों को बचाकर रखना चाहिए। धूप के साथ गर्मी में आंखों में जलन होने लगती है। आंखों का संक्रमण होने पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता होती है। ऐसे में आखों में होने परेशानियों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
ठंडे पानी से धोते रहें आंखेंडॉ. अभिषेक सिंह के अनुसार दिन में कई बार ठंडे पानी के छोटे मारने चाहिए। इसके अलावा आंखों को राहत देने के लिए खीरे के टुकड़े भी लगा सकते हैं। आंखों को स्वस्थ रखने के लिए पूरी नींद लें और अच्छा भोजन करें। खाने में हरी सब्जियां, अंकुरित अनाज आदि का प्रयोग करें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं, ताकि आप के शरीर की गंदगी बाहर निकले और शरीर में नमी बनी रहे। नेत्र रोग विशेषज्ञ की सलाह पर अच्छी दवा लें।