सड़क पर जगह जगह गड्ढे, 14 किमी की यात्रा करने में होती है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मिठौरा। सिंदुरिया सिसवा मार्ग चार साल से बदहाल है। सिंदुरिया से सिसवा मार्ग की दूरी 14 किमी है। इस मार्ग पर रोजाना सैकड़ों लोग यात्रा करते हैं। यात्रा करते करते सड़क पर बने गड्ढों में गिर कर घायल हो जाते हैं। 14 किमी का यात्रा करने में घंटों लग जाते हैं।
सिंदुरिया से सिसवा मार्ग पर यात्रा करने पर हरिहरपुर के पास सड़क गड्डो में तब्दील है। परसा चक गोबरही के पास, पकड़ियार बुजुर्ग के पास बड़ी पोखरी के पास, खजुरिया के पास सड़क गड्ढों में तब्दील है। चिउटहा चौराहे के दोनों तरफ सड़क गड्ढ़ा है। रुदलापुर के पास पुराने ईट-भट्टे के पास, गेरमा पुल के पास सड़क ज्यादा खराब है।
हरिहरपुर निवासी राजकुमार गुप्ता, सिंदुरिया निवासी दब्बीर हसन, गोबरही निवासी रघुनाथ पटेल, पकड़ियार बुजुर्ग निवासी अनिल चौबे, शिव वीरेन्द्र पांडेय का कहना है कि सिंदुरिया सिसवा मार्ग जगह जगह गड्ढों में तब्दील हो गया है।एक किमी तक ठीक ढंग से यात्रा नहीं हो सकती है। चार वर्षों से सड़क बनने का इंतजार किया जा रहा है। इस समस्या से करीब दो लाख की आबादी को समस्या हो रही है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गंगा सागर ने बताया कि सड़क के चौड़ीकरण की योजना प्रस्तावित हो चुकी है। नगर पंचायत चुनाव बाद सड़क निर्माण कराया जाएगा।