जिले में अभियान चलाकार बनाया जा रहा गोल्डन कार्ड, प्रदेश में जिले चौथे स्थान पर
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। अगर आप आयुष्मान योजना के तहत लाभार्थी परिवार की सूची में हैं तो अपने पंचायत सहायक के पास पहुंचकर गोल्डन कार्ड जरूर बनवा लीजिए। क्योंकि, विभाग की ओर से 10 मई से अभियान चलाया जा रहा है। जिले स्तर पर हर लाभार्थी का गोल्डन कार्ड बनाया जा सके, इसके लिए जिले और प्रदेश स्तर पर प्रतिदिन समीक्षा हो रही है।
समीक्षा में जिले को किसी दिन दूसरा तो किसी दिन चौथा स्थान मिल रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नीना वर्मा ने बताया कि प्रदेश स्तर की समीक्षा में 15 मई को जिले में कुल 3602 गोल्डन कार्ड बनाए गए थे। जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा। 16 मई को 3244 गोल्डन कार्ड बने और जिला तीसरे स्थान पर रहा है। 17 मई को केवल 3604 कार्ड बनाकर जिला पांचवें स्थान पर रहा। 19 मई को 3545 कार्ड बनाकर जिला चौथे स्थान पर पहुंचा है।
जिले में जिस गांव में लाभार्थी हैं और एक भी गोल्डन कार्ड नहीं बनाया गया है, वहां की संबंधित आशा व बीसीपीएम से मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नीना वर्मा ने जवाब तलब किया है। संतोष जनक जवाब न मिलने पर मानदेय रोक दिया जाएगा।
योजना पर एक नजर
825 केंद्रों पर बन रहा गोल्डन कार्ड
3,89,411 सदस्य लाभार्थियों का बना गोल्डन कार्ड
2,35,000 लाभार्थी परिवार योजना के सूची में शामिल
25,902 लाभार्थियों को मिला योजना के तहत उपचार