कलेक्ट्रेट परिसर में बनेगा प्रेक्षागृह
शासन से मिली स्वीकृति, प्रशासन ने भूमि चिह्नित की
हो सकेंगे बड़े आयोजन, विभागों को मिलेगी सहूलियत
महराजगंज। जिला मुख्यालय बनने के तीन दशक बाद जिले में प्रेक्षागृह के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। प्रेक्षागृह निर्माण के लिए न सिर्फ शासन से स्वीकृति मिल गई है, बल्कि उसके लिए कलेक्ट्रेट परिसर में भूमि भी चिह्नित कर ली गई है।
इसके बन जाने से जिले में बड़े आयोजनों को जहां बेहतर ढंग से संपन्न कराया जा सकेगा, वहीं निजी कार्यक्रम स्थल पर धन खर्च करने से भी निजात मिलेगी।
जिले का सृजन दो अक्तूबर 1989 को हुआ था। सृजन के उपरांत जिले ने विकास की तरफ धीमी गति से रफ्तार बढ़ाया। हाल के कुछ वर्षों में यहां विकास की रफ्तार बढ़ाने की पहल तेज की गई है, जिससे सुधार भी दिख रहा है। जिला मुख्यालय पर प्रशासन के पास कोई ऐसा हॉल नहीं है, जिसमें 1000 या इससे अधिक लोगों को एक साथ बैठाकर उसमें उन्हें जानकारी दी जा सके।
इसे ध्यान मेें रखते हुए जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रेक्षागृह बनवाने का निर्णय लिया है। शासन स्तर से निर्माण की स्वीकृत मिल चुकी है। भूमि भी चिह्नित कर ली गई है। जल्द ही इसका प्रस्ताव भेजकर धन की मांग की जाएगी।
पांच एकड़ में बनेगा प्रेक्षागृह: कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पीछे पांच एकड़ भूमि में प्रेक्षागृह निर्माण की योजना बनाई गई है। इसके बन जाने से कृषि विभाग से जुड़े संगोष्ठी व बड़े आयोजनों के साथ-साथ निर्वाचन के प्रशिक्षण समेत अन्य बड़े कार्यक्रमों को सुविधाजनक तरीके से किया जा सकेगा।
कलेक्ट्रेट में प्रेक्षागृह बनाने के लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। उसका डीपीआर भेजकर धन की मांग होगी। धन मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
-सत्येंद्र कुमार, जिलाधिकारी