महराजगंज। जमीन के दलालों का नेटवर्क शहर व आसपास के क्षेत्रों में फैला है। सस्ती जमीन दिलाने का झांसा देकर दलाल ग्राहकों को गुमराह करने में लगे रहते हैं। जालसाजी से बचने के लिए रेल मार्ग क्षेत्र में जमीन खरीदने से पहले तहसील से जांच लें नहीं तो रकम फंस जाएगी।
घुघली से महराजगंज होते हुए आनंदनगर जाने वाली नई रेल लाइन के लिए 12 गांव की भूमि का अवार्ड किया जा चुका है। इन गांव के 444 किसानों की 33.1240 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण होना है। शहर क्षेत्र में पड़री मोहल्ले से लेकर तरकुलवां, महुअवा से आगे तक दलाल झांसा देकर जमीन बेचने की फिराक में लगे हैं।
प्रस्तावित रेल मार्ग के आसपास जमीनों का सस्ता रेट बताकर बिक्री करने की कोशिश की जा रही है। जहां पिलर लगे हैं, वहां तो लोग समझ जा रहे हैं, लेकिन कहीं-कही पिलर दूर लगे हैं, ऐसे में जमीनों के दलाल झांसा देकर फंसाने के चक्कर में हैं। जानकार बता रहे हैं कि कुछ ऐसे लोग हैं, जिनकी जमीने प्रस्तावित ट्रैक के आसपास है, वे लोग जमीनों को बेचने के चक्कर में लगे हैं।
तहसील में जांच कराने पर जालसाजी पकड़ में आ रही है। इसमें अगर किसी ने थोड़ी सी चूक की तो रकम बर्बाद हो जाएगी। देवरिया जिले के रहने वाले एक कर्मचारी को जमीन की जरूरत थी। उन्होंने एक दलाल से संपर्क किया। पहले तो उसने दो चार दिन इधर-उधर की जमीने दिखाई। बाद में महुअवा गांव की ओर एक जमीन दिखाया।
उन्होंने चार लाख डिस्मिल के भाव से रेट तय किया। सब कुछ तय करने के बाद उनके मन आया की पहले जमीन की स्थिति के बारे में जानकारी कर ले। उन्होंने अधिवक्ता के माध्यम से जमीन की स्थिति के बारे में जानकारी ली तो पता चला की जमीन प्रस्तावित ट्रैक से बेहद करीब है। वहां घर बनाना ठीक नहीं है। इसी तरह से अन्य लोग भी झांसे में आ जा रहे हैं।
जमीन का खसरा नंबर पता करें
अधिवक्ता अभिषेक शुक्ला ने बताया कि जमीन का खसरा नंबर पता करें। खसरा नंबर से आपको जमीन से जुड़ी सभी जानकारियां मिल जाएंगी। यदि घर बनाने के लिए जमीन खरीद रहे हैं तो पहले पता करें कि जहां जमीन खरीद रहे हैं वहां रेसिडेंशियल अनुमति है या नहीं। अगर प्रॉपर्टी कॉमर्शियल या इंडस्ट्रीयल है तो वहां जमीन न खरीदें क्योंकि वहां आप घर नहीं बना सकेंगे। इस समय बहुत सारे मामले जमीन को लेकर आ रहे हैं, जहां से रेलवे लाइन निकल रही है। वहां पर प्रापर्टी के दलाल लोगों को झांसे में लेकर जमीन महंगे दामों पर बेचने का प्रयास कर रहे हैं।