मासूम समेत आठ लोग घायल, दो की हालत गंभीर
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के जमुई पंडित गांव में शनिवार की शाम करीब सात बजे मामूली बात पर कुछ मनबढ़ों ने गोलबंद होकर खेत से लौट रहे किसान पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। मनबढ़ों ने एक मासूम समेत आठ लोगों की पिटाई कर दी। ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी निचलौल में भर्ती कराया गया। दो घायलों की हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायलों के साथ अस्पताल पहुंचे ग्रामीण सद्दाम ने बताया कि मामूली बात पर सुबराती के बच्चों और उनके पड़ोसियों से कहासुनी हो रही थी। सुबराती के बच्चे खेत में काम कर रहे पिता पिता और मां सलीमुन निशा को बुलाने गए थे। कहासुनी की बात सुनकर सुबराती और सलीमुन बच्चों के साथ घर लौट रहे थे। रास्ते में मनबढ़ पड़ोसियों ने गोलबंद होकर लाठी-डंडों से उनपर हमला बोल दिया।
हमले में सुबराती (52), सलीमुन (50), तरीफुन निशा (22), सलिफुन निशा (19), फातिमा खातून (15), रुजीना खातून (13), साजिया खातून (10) और एक मासूम घायल हो गया। निचलौल थाना प्रभारी आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। घायलों का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।