तेज बुखार के मरीजों को चिह्नित करेंगी आशा कार्यकर्ता
महराजगंज। एक अक्तूबर से जिले में संचारी रोग नियंत्रण माह व दस्तक अभियान चलेगा। इस अभियान के दौरान सभी आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बुखार, टीबी, कोरोना के मरीजों एवं कुपोषित बच्चों को चिह्नित करेंगी।
ये बातें स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्रीभागवत सिंह ने कहीं। वह मंगलवार को सदर सीएचसी और ब्लॉक सभागार में आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी मरीजों की अलग-अलग सूची तैयार करें। मच्छरों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करें।
ब्लॉक कम्यूनिटी प्रोसेस मैनेजर लवली वर्मा ने कहा कि गृह भ्रमण के दौरान आशा कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को जागरूक करें। आशा कार्यकर्ता गांव के पंचायत सहायक से मिलकर आयुष्मान भारत के लाभार्थियों का गोल्डन कार्ड बनवाएं। गृह भ्रमण के दौरान नवजात शिशु और मां की सेहत की जांच करें।
किसी प्रकार की गंभीर बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सीएचसी को सूचना भेजें, जिससे समय से उपचार किया जा सके। उन्होंने आशा डायरी को पूर्ण करने व विभाग की ओर से संचालित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस मौके पर पूनम, गीता, संध्या, अनीता, सविता, रीतू, धनेशरी आदि मौजूद रहीं।