चौक बाजार (महराजगंज )। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम परसाचक में जोगा टोला में सामूहिक रूप से अंधविश्वास फैलाने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, परासखाड़ के जोगा टोला में पचास से अधिक महिलाएं तथा पुरुष बैठकर चर्चा कर रहे थे। जिस पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के नगर प्रचारक वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने कार्यक्रम करने का विरोध किया। उनका आरोप था कि वे लोगों का धर्मांतरण कराने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्यक्रम कराने वाले तीन आरोपियों अजय गौतम, अशोक कुमार व अयोध्या को गिरफ्तार कर लिया तथा थाने ले आई। बिना सूचना के पचास से अधिक लोगों को इकट्ठा करने व अंधविश्वास फैलाने के मामले में शांति भंग में तीनों को चालान कर दिया। थानाध्यक्ष श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि सामूहिक रूप से ग्रामीणों को इकट्ठा करके अंधविश्वास फैलाने की बात सामने आई थी। जिसके तहत शांतिभंग में तीन लोगों का चालान किया गया है।