बैकुंठपुर स्थित पवार हाउस पर बिजली के बील का सुधार कराने आए उपभोक्ता।
महराजगंज। पहले थमाया अधिक बिल की रसीद, अब सुधार कराने के लिए उपभोक्ता दर-दर की ठोकर खाने को विवश हैं। विभाग का चक्कर लगाते-लगाते थक गए हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। करीब 2,000 ऐसे उपभोक्ता होंगे, जो बिल सुधार करने के लिए परेशान हैं।
शुक्रवार को शहर के बैकुंठपुर स्थित पवार हाउस पर बिजली बिल में सुधार कराने के लिए तमाम लोग आए थे। इन लोगों में एक बुजुर्ग नरायण यादव बिल लेकर किसी तरह से पहुंचे। गहरी सांस लेते हुए बाहर बरामदे में बैठकर लोगों से कहने लगे की बिल कैसे जमा किया जाए, जब मनमाने ढंग से बिल निकल रहा है। यह कहते हुए उन्होंने जिम्मेदारों के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। प्रसिद्ध नारायण शर्मा, कृतपिपरा के रहने वाले हैं। जून से ही गलत यूनिट बिल में आ रहा है। कई बार शिकायत करने के बाद भी बिल में सुधार नहीं हो सका।
उन्होंने बताया कि बैकुंठपुर पावर हाउस पर चार बार आते हुए हो गया, लेकिन अधिकारी से मुलाकात नहीं हो सकी। 50 यूनिट का अंतर आ रहा है। अधिक दिन हो जाएगा तो जांच में बिजली कट जाएगी। यह कहते हुए उन्होंने बदहाल व्यवस्था पर आक्रोश व्यक्त किया। परिसर में इसी तरह शहर से लेकर आसपास के गांव के लोग बिल ठीक कराने के लिए आए थे। कोई एक सप्ताह से दौड़ रहा तो किसी को माह भर गुजर गए हैं।
सबकी अलग-अलग समस्या थी। उधर विद्युत उपकेंद्र घुघली क्षेत्र के बरगदवा माधोपुर गांव के रहने वाले चंदन पाठक कहते हैं कि उनके पिता रामानुज पाठक के नाम से कनेक्शन है। दो महीने हो गए उन्हें भी बिल देने कोई कर्मचारी नहीं आया। स्वरूप का कहना है कि तीन महीने हो गए उनके घर भी कोई कर्मचारी मीटर की जांच करने नहीं आया। ऐसे में वह भी बिजली बिल जमा नहीं कर पा रहे हैं।