महराजगंज। जिले में होमगार्ड कमांडेंट कार्यालय लंबे समय से किराए के भवन में संचालित हो रहा है। आने वाले दिनों में विभाग का अपना भवन हो जाएगा। शासन ने इसके लिए तीन करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। यूपी सुडको कार्यदायी संस्था नामित हुई है। जमीन चिह्नित करने के लिए प्रकिया शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, वर्तमान में होमगार्ड कमांडेंट कार्यालय चिऊरहा रोड पर संचालित हो रहा है। होमगार्ड कमांडेंट कार्यालय भवन में बेहतर सुविधा होंगी। भवन का डिजाइन स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। नए कार्यालय में कार्मिक कक्ष, प्रशासनिक भवन, स्टोर रुम, मीटिंग हॉल, शस्त्रागार, खेल मैदान, आवास, मैस, कैंटीन आदि सुविधाएं होंगी।
होमगार्ड कमांडेंट विंध्याचल पाठक ने बताया कि होमगार्ड कमांडेंट कार्यालय के निर्माण के लिए शासन से तीन करोड़ की धन स्वीकृति की गई है। जमीन मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।