-दूरदराज से आए लोग प्रत्येक दिन हो रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिला पूर्ति कार्यालय में शनिवार को विभिन्न गांवों से आए लोग राशनकार्ड में नाम दर्ज करवाने के लिए परेशान दिखे। कंप्यूटर कक्ष में लोगों की भीड़ लगी रही, लेकिन जिम्मेदार इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे लोगों की समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।
निचलौल विकास खंड के रुद्रौली निवासी अखिलेश कुमार ने बताया कि राशनकार्ड में नाम दर्ज करवाने के लिए जिला पूर्ति कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं। स्कूल के जरूरी दस्तावेज में राशनकार्ड में नाम की आवश्यकता है, लेकिन नाम नहीं जुड़ पा रहा है। पनियरा ब्लॉक के मोहद्दीनपुर गांव के प्रहलाद सिंह ने बताया कि लाॅकडाउन के पहले मेरे लड़के दुष्यंत व सतवंत काे राशन मिलता था, लेकिन अब नहीं मिल रहा है। कंप्यूटर कक्ष में बैठे ऑपरेटर ने बताया कि दो दिन के बाद कार्यालय में आईए उसके बाद समस्या का समाधान होगा।
जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह ने बताया कि लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।