सिसवा बाजार। नगर पालिका सभासद राजन विश्वकर्मा ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी को पत्र लिख कर नगर और क्षेत्र में जर्जर हो चुके बिजली तार एवं पोल को तत्काल बदलवाने की मांग की है। साथ ही आए दिन हो रही करंट की चपेट में आने से हो रही घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है। सभासद ने जिलाधिकारी को पत्र लिख कर कहा है कि सिसवा विद्युत केंद्र के अंतर्गत कई स्थानों पर 11 हज़ार वोल्ट की विद्युत लाइन के तार एवं पोल अत्यंत जर्जर अवस्था में है। तार नीचे झूल रहें है, जिससे आम लोगों पर खतरा बना हुआ है। कई बार विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मौखिक एवं लिखित रूप से अवगत कराया गया। फिर भी कोई कार्यवाही नहीं की गई। वहीं विभागीय लापरवाही के चलते विगत एक सप्ताह के भीतर दो युवक करंट लगने गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।